लोकसेवको के नाम अध्यक्ष का पत्र

सूचना – सर्व सेवा संघ के सम्मानित सदस्यों की सेवा में
March 31, 2020
How to Get Accounting and Bookkeeping Clients: Experts Share 5 Best Tactics
July 17, 2020

लोकसेवको के नाम अध्यक्ष का पत्र

पत्रांक :  4 / 2020-21

दिनांक :  1 मई 2020 : मजदूर दिवस

 

माननीय लोकसेवकों की सेवा में

 

प्रिय बहन / भाई ,  जय जगत ।  

आप सब इस बात से भलीभांति परिचित हैं कि कोरोना ने भारत सहित लगभग पूरी दुनिया को ही अपने शिकंजे में ले रखा है।‘लॉकडाउन’ के बावजूद यह रूकने का नाम नहीं ले रहा है। इतना ही नहीं, निरंतर यह अपने पैर पसारता जा रहा है। डॉक्टर से लेकर सुरक्षाकर्मी तक इसकी जद में आ गये हैं। पता नहीं, इसका प्रकोप कहां तक जाकर रूकेगा। हां! इस वैश्विक संकट की घड़ी में भी कई देशों ने अपने को बचाकर रखा है।

आरम्भ में लोग बड़ी संख्या में, जो अपने घर से सुदूर गांव रोजगार धंधे के लिये गये थे।‘लॉकडाउन’ के बावजूद अपने-अपने घरों को वापस पैदल ही चल पड़े हैं। बीच में लगा था कि इनमें से अधिकांश लोग अपने-अपने गंतव्यों को पहुंच गये हैं, लेकिन ऐसा नहीं है। अभी भी लाखों की संख्या में लोग जहां-तहां फंसे हुए हैं एवं भीषण परेशानियों का सामना कर रहे हैं। व्यापार-धंधा बंद होने के कारण उनके सामने स्वाभाविक रूप से रोजी-रोटी का संकट उपस्थित हो गया है। प्रवासी मजदूरों के पास अपने-अपने गांव के बाहर होने की दशा विशेष में कोई कार्ड नहीं होने के कारण उन्हें सरकार की सहायता भी नहीं मिल पा रही है। अतएव वे जहां-कहीं भी फंसे हुए हैं, बहुत ही दयनीय स्थिति में हैं।

यह हमलोगों के लिये अत्यन्त ही संतोष का विषय है कि इन सबके बावजूद अपने सर्वोदय कार्यकर्ता जगह-जगह पर पीड़ितों की सेवा में लगे हुए हैं। देश के विभिन्न स्थानों से निरंतर समाचार प्राप्त हो रहे हैं कि अपने जिला सर्वोदय मंडल एवं कार्यकर्ता जरूरतमंदों की हर सम्भव मदद कर रहे हैं और वह भी बिना किसी सरकारी सहायता के। मैं उन सभी कार्यकर्ताओं को, जो इस पुनीत कार्य में लगे हुए हैं, को साधुवाद देता हूं।

हम सब प्रतीक्षा कर रहे हैं कि जल्द से जल्द यह ‘लॉकडाउन’ खत्म हो और लोग सामान्य जीवन की शुरूवआत कर सकें। हम आशा करते हैं कि आगामी 3 मई के बाद उन क्षेत्रों को छोड़कर, जहां की स्थिति अत्यन्त नाजुक है, लोगों की आवाजाही से प्रतिबन्ध हटा लिये जायेंगे और सामान्य स्थिति बहाल हो सकेगी।

सर्वोदय के अनेक कार्यकर्ता समान्यतया ई-मेल व व्हाट्सएप आदि का उपयोग नहीं करते और वे सिर्फ पत्र  के द्वारा ही सम्पर्क करते हैं। आशा है, सभी स्वस्थ होंगे और अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय होंगे।

हमें दूर जाना है और लक्ष्य की प्राप्ति की दिशा में लगातार कदम बढ़ाते रहना है।

आपका,
महादेव विद्रोही
अध्यक्ष